भोपाल। दीपावली के पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अक्टूबर को 81 लाख किसानों के खातों में 1624 करोड़ रुपये की किसान सम्मान निधि ट्रांसफर करेंगे। यह राशि मंदसौर में एक वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान एक क्लिक से डाली जाएगी।
इस कार्यक्रम में पीएम मोदी नीमच, मंदसौर और सिवनी में चिकित्सा महाविद्यालयों का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे और 512 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति-पत्र वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे दीपावली का बड़ा उपहार बताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश अब विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का भी जिक्र किया, जिसमें मोदी ने स्थानीय व्यवसायों से खरीदारी को प्रोत्साहित किया। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य और परंपरागत खेलों को अपनाने पर भी जोर दिया। 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल और 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती धूमधाम से मनाने की बात भी की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने एनिमेशन के क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत का भी उल्लेख किया। 28 अक्टूबर को वर्ल्ड एनिमेशन डे मनाया जाएगा, जिसमें प्रदेश के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।