इस ऐतिहासिक शोभा यात्रा को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने के लिए उनकी टीम भी निरीक्षण कर रही थी।
इंदौर। 7 नवम्बर को इंदौर के विजयनगर चौराहे पर आयोजित भव्य थावर्तन महोत्सव के दौरान इंदौर जैन समाज ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया। इस महोत्सव में मुनि श्री प्रमाण सागर जी के मार्गदर्शन में 108 मंडलीय सिद्ध चक्र महामंडल विधान का आयोजन किया गया, जो संस्कृत भाषा में बीजाकक्षर मंत्रों के साथ संपन्न हुआ।
इस आयोजन के समापन पर 108 स्वर्ण, रजत एवं काष्ठ निर्मित सुदर्शनीय रथों पर श्रीजी विराजमान होकर 2 किलोमीटर लंबी भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा विजयनगर स्क्वायर से शुरू होकर एलआईजी चौराहा, पाटनीपुरा, आस्था टॉकीज के सामने से होते हुए 5 घंटे के बाद पुनः विधान स्थल पर पहुंची।

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि शोभा यात्रा में रथों पर विराजमान विधान पुण्यार्जक श्रीजी के साथ भजन मंडलियों ने भजन गाए, लोक नृत्य कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि बैंड बाजे, संगीतकारों और दिव्य घोष ने आयोजन को और भव्य बना दिया। इसमें मुनि संघ के साथ हजारों महिला, पुरुष, बच्चे, त्यागी व्रति, ब्रह्मचारी, समाज के विभिन्न संगठनों के सदस्य और नगर में स्थापित जैन मंदिरों के पदाधिकारी भी उपस्थित हुए।
इस शोभा यात्रा में इंदौर नगर के गौरवशाली कासलीवाल परिवार को स्वर्ण रथ के सारथी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वहीं, आर के मार्बल ग्रुप के अशोक पाटनी परिवार ने भी इस भव्य यात्रा में भाग लिया। समाजजन के स्वागत के लिए जगह-जगह स्वागत मंचों का आयोजन किया गया, जहां परम पुज्य मुनि श्री प्रमाण सागर जी का पाद प्रक्षालन कर आरती की गई। इस मौके पर मध्य प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, तुलसी सिलावट, पार्षद राजीव जैन, समाजश्रेष्ठी अशोक पाटनी, आदित्य कासलीवाल, अमित कासलीवाल, अशोक डोसी, आनंद नवीन गोधा, भरत मोदी, मुकेश पाटोदी, डॉ. जैनेन्द्र जैन, राजकुमार पाटौदी, सुशील पांड्या, राजेंद्र सोनी, राकेश विनायका, जेनेवा झांझरी, मनोज बाकलीवाल और अन्य समाजजन भी उपस्थित हुए।