वॉशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 2 अप्रैल से भारत पर “जैसा को तैसा” टैरिफ लगाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भारत हमसे 100% से ज्यादा टैरिफ वसूलता है, और अब हम भी अगले महीने से ऐसा ही करने जा रहे हैं।

यह घोषणा ट्रम्प ने बुधवार सुबह (भारतीय समय के अनुसार) अमेरिकी संसद के जॉइंट सेशन में दिए गए अपने भाषण में की। ट्रम्प ने एक रिकॉर्ड 1 घंटा 44 मिनट लंबा भाषण दिया, जबकि उनके पिछले कार्यकाल में यह समय केवल 1 घंटा था। उन्होंने भाषण की शुरुआत “अमेरिका इज बैक” (अमेरिका का दौर लौट आया है) से की। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने 43 दिन में जो कुछ किया है, वह कई सरकारें अपने 4 या 8 साल के कार्यकाल में नहीं कर पाईं।
उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की का एक पत्र प्राप्त करने की भी बात की, जिसमें जेलेंस्की ने ट्रम्प का धन्यवाद किया था और युद्ध रोकने के लिए बातचीत की तैयारियों का संकेत दिया था।
राष्ट्रपति ट्रम्प के भाषण की 10 प्रमुख बातें:
- जैसा को तैसा टैरिफ: 2 अप्रैल से जैसे को तैसा टैरिफ लागू होगा। अन्य देश अमेरिका पर भारी टैरिफ और टैक्स लगाते हैं, अब हमारी बारी है। जो कंपनियां अमेरिका में उत्पादन नहीं कर रही हैं, उन्हें टैरिफ देना होगा।
- यूक्रेन युद्ध: राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि जेलेंस्की जल्द ही यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत करने को तैयार हैं। उन्होंने रूस से गंभीर बातचीत की और संकेत मिले हैं कि वे शांति के लिए तैयार हैं।
- अप्रवासी मुद्दा: पिछले चार साल में 2.1 करोड़ लोग अवैध रूप से अमेरिका में घुसे हैं। ट्रम्प प्रशासन ने अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा बॉर्डर और इमिग्रेशन क्रैकडाउन शुरू किया है।
- जो बाइडेन: ट्रम्प ने जो बाइडेन को अमेरिकी इतिहास का सबसे खराब राष्ट्रपति बताया। बाइडेन के कार्यकाल में अवैध अप्रवासियों का आंकड़ा बढ़ा और उनकी नीतियों के कारण महंगाई भी बढ़ी।
- गोल्ड कार्ड वीजा: ट्रम्प ने गोल्ड कार्ड वीजा सिस्टम की घोषणा की, जो ग्रीन कार्ड से अधिक उन्नत होगा। इससे नौकरियां पैदा होंगी और कंपनियों को लाभ होगा।
- पनामा नहर और ग्रीनलैंड: ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका पनामा नहर पर नियंत्रण प्राप्त करेगा और ग्रीनलैंड को अपने क्षेत्र में शामिल करने की कोशिश करेगा। उन्होंने वहां के लोगों की सुरक्षा का वादा किया।
- इलॉन मस्क और DoGE: ट्रम्प ने इलॉन मस्क के DoGE विभाग की सराहना की, जिसने पिछले फेडरल सरकार के कई घोटालों को उजागर किया। मस्क ने देश के लिए यह विभाग बनाया था।
- फ्री स्पीच: ट्रम्प ने बताया कि उनकी सरकार ने सरकारी सेंसरशिप को पूरी तरह से खत्म कर दिया है और अमेरिका में स्वतंत्र अभिव्यक्ति को पुनः बहाल किया है।
- तेल और गैस: ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका के पास दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा ‘लिक्विड गोल्ड’ (तेल और गैस) है। उन्होंने अलास्का में एक बड़ी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाने की योजना की घोषणा की।
- स्पेस प्रोग्राम: ट्रम्प ने अमेरिका के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का वादा किया। उनका लक्ष्य मंगल ग्रह पर अमेरिकी झंडा फहराना और अमेरिका को दुनिया की सबसे उन्नत सभ्यता बनाना है।