22.5 C
Indore
Monday, July 7, 2025
spot_img

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव नतीजों पर राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया

नई दिल्ली: हरियाणा में कांग्रेस की हार के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया आई है। राहुल ने कहा कि वो इन नतीजों का विश्लेषण कर रहे हैं। गौरतलब है कि तमाम दावों के बाद भी राज्य में कांग्रेस लगातार तीसरी बार सरकार में नहीं आ पाई। बीजेपी 48 सीट जीतने के साथ हैट्रिक बना चुकी है। कांग्रेस को 37 सीटें मिली हैं।
सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया
राहुल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, ‘जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया – प्रदेश में INDIA की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है। हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे। सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज बुलंद करते रहेंगे।’
एग्जिट पोल्स के संकेतों से कांग्रेस थी उत्साहित
गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में तमाम एग्जिट पोल्स ने कांग्रेस की जीत की भविष्यवाणी की थी। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस काफी आगे निकली भी दिखाई दे रही थी लेकिन असल नतीजे इसके उलट आए। सुबह साढ़े दस बजे के बाद नजारा बदल गया और बीजेपी लगातार बढ़त बनाती चली गई। इसके बाद कांग्रेस के पैरो तले जमीन खिसक गई। इस बार सरकार बनाने की उम्मीद लगाए बैठी कांग्रेस को हरियाणा की जनता ने जोर का झटका दे दिया।
सहयोगी दलों के निशाने पर आई कांग्रेस
दरअसल, चुनाव के दौरान राहुल गांधी भी हरियाणा में जीत का दावा कर रहे थे। उन्होंने अग्निवीर और किसानों का मुद्दा हर रैली में उठाया। लेकिन हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरी बार बीजेपी को चुनकर कांग्रेस को जोर का झटका दे दिया। चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने ईवीएम पर भी सवाल उठाए हैं। राहुल के पोस्ट से भी इशारा उसी तरफ मिल रहा है। कांग्रेस की इस हार के बाद अब उसको सहयोगी दल आंखें दिखाने लगे हैं। आम आदमी पार्टी से लेकर शिवसेना उद्धव गुट ने कांग्रेस को घेरा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -

Latest Articles